गर्मी बढ़ती जा रही है और इसके साथ ही बढ़ती जा रही हैं स्किन संबंधी परेशानियां और अन्य बीमारियां। तेज धूप और गर्मी से लू लगने का भी खतरा बढ़ जाता है। ज्यादा देर तक धूप में रहने से सारी एनर्जी खत्म हो जाती है और स्थिति चक्कर खाकर गिरने वाली आ जाती है। हीट स्ट्रोक यानी लू लगने की मुख्य वजह डिहाइड्रेशन है। इसलिए हम आपको कुछ घरेलू नुस्खे बता रहे हैं जिनकी मदद से आप लू लगने से बच सकते हैं:
जब बात हीट स्ट्रोक या लू से खुद को बचाने की हो तो इसमें सबसे पहला सहारा प्याज का जूस ही बनता है। आयुर्वेद में भी बताया गया है कि लू लगने से बचाने में प्याज का जूस काफी मददगार है। बस इसे कान, छाती और पैरों पर अच्छी तरह से लगा लें। आप चाहे तो रोजाना एक चम्मच प्याज का जूस थोड़े से शहद के साथ मिलाकर भी पी सकते हैं।
ट्रडिशनल चाइनीज मेडिसिन के अनुसार, मूंग दाल को हीट स्ट्रोक के लिए बेहद कारगर माना जाता है। आप इन्हें 1 या दो कप पानी में उबाल लें और जब पानी आधा रह जाए तो गैस बंद कर दें। इसके बाद वह पानी पी लें। गर्मी के दिनों में रोजाना इस ड्रिंक को पिएं।
हीट स्ट्रोक या लू लगने से बचाने में इमली भी फायदेमंद है। जैसे ही आपको हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखें इमली का जूस पी लें। इमली का जूस बनाने के लिए इमली के कुछ टुकड़े एक-दो ग्लास पानी में उबाल लें। उसमें थोड़ी सी चीनी या फिर शहद डालें और हल्का सा नींबू। अब इसे पी लें। इमली डिहाईड्रेशन की वजह से शरीर में हुई जरूरी पोषक तत्वों की कमी को पूरा करती है।
छाछ और लस्सी रोजाना पिएंगे तो खुद को हीट स्ट्रोक या लू लगने से बचा पाएंगे। (डिस्क्लेमर: हीट स्ट्रोक की अवस्था में अगर ज्यादा परेशानी हो और कोई सुधार न हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।)