ऐपशहर

गरीब हुए व्यापारी की मदद के लिए उठाया ऐसा कदम

कोसलपुर के राजा बड़े धर्मात्मा थे। उनके परोपकार की चर्चाएं दूर-दूर तक थीं। एक बार पास के राज्य काशी के राजा ने कोसल पर आक्रमण कर उसपर अधिकार कर लिया। हार के बावजूद कोसल के राजा ने आत्मसमर्पण नहीं किया तथा किसी तरह से बचकर राज्य से दूर चले गए। कोसलपुर की प्रजा अपने राजा के चले जाने से परेशान रहने लगी।

नवभारत टाइम्स 6 Sep 2017, 8:13 am
कोसलपुर के राजा बड़े धर्मात्मा थे। उनके परोपकार की चर्चाएं दूर-दूर तक थीं। एक बार पास के राज्य काशी के राजा ने कोसल पर आक्रमण कर उसपर अधिकार कर लिया। हार के बावजूद कोसल के राजा ने आत्मसमर्पण नहीं किया तथा किसी तरह से बचकर राज्य से दूर चले गए। कोसलपुर की प्रजा अपने राजा के चले जाने से परेशान रहने लगी।
नवभारतटाइम्स.कॉम king


काशीराज ने देखा कि प्रजा हृदय से अपने राजा को ही याद करती है। काशीराज ने घोषणा की कि जो कोसल के निर्वासित राजा को पकड़वाएगा, उसे एक हजार स्वर्ण मुद्राएं तथा कई गांव इनाम में दिए जाएंगे। पर राज्य का कोई नागरिक इस पाप के लिए तैयार नहीं हो रहा था। एक दिन कोसलराज जंगल में भटक रहे थे कि एक व्यक्ति उनके पास आया और कोसलपुर जाने का मार्ग पूछा। राजा ने पूछा , ‘तुम वहां क्यों जाना चाहते हो?’ उसने जवाब दिया, ‘मैं व्यापारी हूं। नौका से सामान ला रहा था, लेकिन नौका नदी में डूब गई। मैं भिखारी जैसा हो गया हूं। सुना है कि कोसलपुर के राजा बड़े धर्मात्मा हैं। मैं उन्हीं की शरण में जा रहा हूं।’

राजा ने कहा, ‘चलो, मैं तुम्हें वहां तक ले चलता हूं।’ राजा उसे लेकर काशीराज के दरबार में पहुंचे। काशीराज ने उस जटाधारी से पूछा, ‘तुम यहां क्यों आए हो?’ उसने कहा, ‘काशीराज, मैं कोसलपुर का राजा हूं। मेरे साथ आया यह व्यक्ति व्यापारी से भिखारी बन चुका है। आप मुझ पर घोषित इनाम की स्वर्ण मुद्राएं इसे देकर इसकी सहायता करें।’ यह देख काशीराज हतप्रभ रह गए। बोले, ‘आप तो महान उदार हृदय राजा हैं। मैं आपका राज्य लौटाता हूं। सेना के बल पर मैंने आपका राज्य भले ही जीत लिया, परंतु प्रजा का मन नहीं जीत पाया। प्रजा के मन के राजा तो आप ही हैं।’ राजा ने कोसल नरेश के सिर पर मुकुट रख दिया और स्वयं काशी की ओर वापस लौट गए।
संकलन: जयगोपाल शर्मा

अगला लेख

Astroकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर