ऐपशहर

B'day Special: 'मेरे देश की धरती' गाने वाले Mahendra Kapoor का आज है जन्‍मदिन

Birth anniv of singer Mahendra Kapoor: हिंदी फिल्‍मों के सुनहरे युग और रफी, किशोर, मुकेश, मन्‍ना डे के साथ हिंदी फिल्‍मों के हिट गाने देने वाले मशहूर गायक पद्मश्री महेंद्र कपूर का आज जन्‍मदिन है। आइए जानें उनके बारे में।

नवभारतटाइम्स.कॉम 9 Jan 2019, 1:49 pm
'चलो इक बार फिर से अजनबी बन जाएं हम दोनों ...' इस गाने को सुनते ही बॉलिवुड के सुनहरे युग के गायक महेंद्र कपूर की यादों से आंखें भर जाती हैं। आज यानि 9 जनवरी 1934 को अमृतसर में महेंद्र कपूर का जन्‍म हुआ था। अमृतसर में पले बढ़े महेंद्र कपूर जल्‍द ही मुंबई आ गए। वह कम उम्र से ही संगीत के दीवाने थे और मोहम्‍मद रफी को अपना आदर्श मानते थे।
नवभारतटाइम्स.कॉम mahendra kapoor


मुंबई आकर उन्‍होंने शास्‍त्रीय संगीत के महारथियों जैसे पंडित हुस्‍नलाल, पंडित जगन्‍नाथ, उस्‍ताद नियाज अहमद खां, उस्‍ताद अब्‍दुल रहमान खां और पंडित तुलसीदास शर्मा से संगीत की शिक्षा ग्र‍हण की। फिल्‍मी दुनिया में उन्‍हें अपनी किस्‍मत आजमाने का मौका तब मिला जब उन्‍होंने 1950 के दशक में एक संगीत प्रतियोगिता में हिस्‍सा लिया। इसे जीतने के बाद उन्‍हें सी. रामचंद्र के निर्देशन में बनी फिल्‍म 'नवरंग' में गाना गाने का मौका मिला। उनका गाया गाना 'आधा है चंद्रमा रात आधी' सुपरहिट हुआ।

ऐसे बने भारत कुमार की आवाज
महेंद्र कपूर को 'भारत कुमार' के नाम से मशहूर सुपर स्‍टार मनोज कुमार की आवाज के रूप में जाना जाता है। मनोज कुमार की फिल्‍मों के अनेकों देश भक्ति भरे गाने महेंद्र कपूर की आवाज में हैं। पर पहली बार महेंद्र कपूर को मनोज कुमार के लिए गाने का मौका बड़े अनोखे तरीके से मिला। हुआ दरअसल यह कि फिल्‍म 'आदमी' फिल्‍म में एक गाना 'कैसी हसीं आज बहारों की रात है' दिलीप कुमार और मनोज कुमार के ऊपर फिल्‍माया जाना था। इसे मोहम्‍मद रफी और तलत महमूद की आवाज में रिकॉर्ड होना था। लेकिन मनोज कुमार को लगा कि उनके ऊपर तलत महमूद की आवाज फिट नहीं हो रही। लिहाजा उनकी जगह महेंद्र कपूर को मौका मिला।

गाना हिट हुआ साथ ही महेंद्र और मनोज कुमार की जोड़ी भी। इसके बाद मनोज कुमार की फिल्‍मों 'उपकार' और 'पूरब और पश्चिम' फिल्‍मों के गाने महेंद्र कुमार ने ही गाए। उपकार के गाने 'मेरे देश की धरती के लिए' के लिए उन्‍हें फिल्‍म फेयर अवॉर्ड भी मिला।

महेंद्र कपूर मशहूर निर्देशक बीआर चोपड़ा के भी चहेते बने और दोनों ने साथ में 'धूल का फूल', 'गुमराह', 'वक्‍त', 'हमराज', 'धुंध' और 'निकाह' जैसी हिट फिल्में दीं। महेंद्र कपूर ने चोपड़ा के सीरियल 'महाभारत' के लिए भी अपनी आवाज दी।

महेंद्र कपूर को पद्मश्री समेत अनेक सम्‍मानों से सम्‍मानित किया गया। 27 सितंबर 2008 को 74 वर्ष की उम्र में उनका मुंबई में देहांत हो गया।

अगला लेख

Entertainmentकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर
ट्रेंडिंग