नयी दिल्ली, 30 मई :: मानसून आने के पहले ही चिकुनगुनिया के करीब 100 मामले सामने आने के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने आज कहा कि नगर में वेक्टर जनित रोगों के संभावित प्रकोप से निपटने के लिए सरकार तैयार है। पिछले साल चिकुनगुनिया और डेंगू से कम से कम 36 लोगों की मौत हो गयी थी। पिछले साल चिकुनगुनिया के कुल 12,221 मामले सामने आए जिनमें 9749 मामलों की पुष्टि की गयी। पिछले साल चिकुनगुनिया के प्रकोप के कारण अरविन्द केजरीवाल सरकार को आलोचना का सामना करना पड़ा था। जैन ने यहां एक अस्पताल का औचक निरीक्षण करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि मच्छरों को फैलने से रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों के बारे में उपराज्यपाल स्तर पर बैठकें हुयी हैं। सभी नगर निकायों को भी निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न अस्पतालों को अपने यहां बिस्तरों की संख्या में 10 से 20 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्देश दिया गया है। जैन ने पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में स्थित गुरू तेग बहादुर अस्पताल में अपने निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिवारों के सदस्यों से भी बातचीत की। पिछले दिनों ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था और वहां की स्थिति पर अप्रसन्नता जतायी थी। जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार के अस्पतालों में करीब दस हजार बिस्तरें हैं। पिछले साल भी अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की गयी थी। जरूरत होने पर इस साल भी अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि एहतियाती कदमों पर अधिक जोर दिया जाएगा।
दिल्ली सरकार चिकुनगुनिया, डेंगू से निपटने के लिए तैयार : जैन
नयी दिल्ली, 30 मई :भाषा: मानसून आने के पहले ही चिकुनगुनिया के करीब 100 मामले सामने आने के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने आज कहा कि नगर में वेक्टर जनित रोगों के संभावित प्रकोप से निपटने के लिए सरकार तैयार है।
भाषा 30 May 2017, 5:25 pm