ऐपशहर

RSS के कार्यक्रम में राहुल गांधी के नाम पर फिलहाल विचार नहीं

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पहली बार अलग-अलग फील्ड के टॉप लोगों को एक साथ मिलाकर अपनी विचारधारा और विभिन्न मसलों पर अपना दृष्टिकोण बताएगा।

पूनम पाण्डे | नवभारत टाइम्स 27 Aug 2018, 7:37 pm
नई दिल्ली
नवभारतटाइम्स.कॉम rahul

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पहली बार अलग-अलग फील्ड के टॉप लोगों को एक साथ मिलाकर अपनी विचारधारा और विभिन्न मसलों पर अपना दृष्टिकोण बताएगा। इसमें कुछ राजनीतिक लोग भी शामिल हो सकते हैं लेकिन संघ के सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नाम पर फिलहाल विचार नहीं किया जा रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत खुद विभिन्न मसलों पर संघ के दृष्टिकोण को अलग-अलग फील्ड के करीब 400 लोगों के बीच रखेंगे। यह संवाद 17 से 19 दिसंबर तक दिल्ली में होगा।

राहुल या येचुरी के नाम पर फिलहाल विचार नहीं
संघ के एक सीनियर नेता ने कहा कि कुछ लोग यह कयास लगा रहे हैं कि इस कार्यक्रम में राहुल गांधी या सीताराम येचुरी को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक लिस्ट फाइनल नहीं हुई है। राहुल गांधी के बारे में पूछने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में हर फील्ड के प्रबुद्ध लोगों को आमंत्रित किया जाना है। सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के नाम पर फिलहाल विचार नहीं हो रहा है। सीताराम येचुरी के बारे में पूछने पर एक संघ प्रचारक ने कहा कि हम असहिष्णु लोगों को क्यों निमंत्रण भेजेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह येचुरी ने जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में यह कहकर विरोध किया था कि उसमें संघ के लोगों को क्यों बुलाया गया, उससे उनकी असहिष्णुता साफ पता चलती है।

संपर्क विभाग तय कर रहा है लिस्ट
सूत्रों के मुताबिक, इस संवाद कार्यक्रम में वह लोग शामिल होंगे जो पहले से ही संघ के संपर्क विभाग के कॉन्टैक्ट में हैं। संपर्क विभाग लगातार हर फील्ड के प्रबुद्ध लोगों से संपर्क करता रहता है। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख अरुण कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम में हम कुछ दूतावासों के प्रतिनिधि और राजदूतों को बुलाने पर भी विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक बड़ा प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संघ का दृष्टिकोण जानने को इच्छुक है और इसलिए इस व्याख्यानमाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें संघ प्रमुख विभिन्न समसामायिक मुद्दों पर विचार रखेंगे। तीन दिन के कार्यक्रम में शुरू के दो दिन करीब डेढ़ घंटे का कार्यक्रम होगा जिसमें संघ प्रमुख अपनी बात रखेंगे। तीसरे दिन सवाल-जवाब होंगे और फिर संघ प्रमुख फाइनल बात रखेंगे। संघ सूत्रों के मुताबिक कोशिश रहेगी कि ऐसे लोगों को आमंत्रित किया जाए जो तीनों दिन मौजूद रह सकें। इसलिए न्योता करीब 500- 550 लोगों को भेजा जाएगा जिसमें से करीब 400 लोग मौजूद रह सकें।

'राहुल अभी नहीं समझते भारत को'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा संघ की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से करने के सवाल पर संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख अरुण कुमार ने कहा कि सारी दुनिया मुस्लिम ब्रदरहुड और इस्लामिक आतंकवाद से त्रस्त है। अगर उन्हें (राहुल गांधी) इसका पता होता वह यह तुलना नहीं करते। वह खुद कह चुके हैं कि मैं अभी भारत को समझने की कोशिश कर रहा हूं। तो जो अभी भारत को नहीं समझा तो संघ को नहीं समझ सकता। अरुण कुमार ने कहा कि संघ समझने के लिए कम से कम भारत को समझना आवश्यक है। सर्व धर्म समभाव, वी द पीपल ऑफ इंडिया, वसुधैव कुटुंबकम ये सब बातें समझ आएंगी तो संघ भी समझ आ जाएगा। संघ प्रचारक ने कहा कि जानकारियों के अभाव में यह तुलना की गई है।
लेखक के बारे में
पूनम पाण्डे
पूनम पाण्डे नवभारत टाइम्स में असिस्टेंट एडिटर हैं। वह बीजेपी, आरएसएस और राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले कवर करती हैं।... और पढ़ें

अगला लेख

Indiaकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर