प्रमुख संवाददाता, नई दिल्ली
'आप' नेता और कवि कुमार विश्वास के खिलाफ एक महिला ने साउथ-वेस्ट जिले के डाबड़ी पुलिस थाने में शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि कुमार विश्वास ने एक टीवी शो में महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है।
शिकायत में महिला ने कहा है कि वह और उनकी बेटियां शो देख रही थीं। इससे वह और उनकी बेटियां काफी आहत हुईं। उन्होंने कहा कि इस वजह से वह कुमार विश्वास के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना चाहती हैं।
थाने में दी गई शिकायत में महिला ने लिखा है कि वह एक घरेलू महिला और समाज सेविका हैं। एक जुलाई को वह अपनी बेटियों के साथ एक टीवी चैनल पर कॉमिडी शो देख रही थीं। इस शो में कुमार विश्वास ने भी हिस्सा लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शो के दौरान कुमार विश्वास ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की। इसे सुनकर वह और उनकी बेटियां काफी आहत हुईं। उनकी बेटियों ने कुमार विश्वास द्वारा महिलाओं के खिलाफ की गई उस टिप्पणी के बारे में पूछा कि क्या महिलाएं कोई वस्तु होती हैं। महिला ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटियों को समझाया कि ऐसा नहीं है। समाज में कुछ पुरुषों को महिलाओं की इज्जत करनी नहीं आती। इसके बाद उन्होंने टीवी बंद कर दिया।
महिला का कहना है कि उस रात वह सो नहीं पाई। वह यह सोचती रहीं कि प्रधानमंत्री बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं की बातें करते हैं और दूसरी ओर कुछ नेता महिलाओं की तुलना भौतिक वस्तुओं से करते हैं। क्या देश में महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है?
महिला का कहना है कि इस बात से आहत होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। इस टिप्पणी के लिए कुमार विश्वास पर मुकदमा दर्ज किया जाए। इस मामले में पुलिस का कहना है कि कानूनी राय ली जा रही है। इसके बाद ही तय किया जाएगा कि क्या ऐसे मामले में एफआईआर दर्ज करनी चाहिए या नहीं।