ऐपशहर

Delhi Weather News: मॉनसून के अगले 6-7 दिनों तक भी दिल्ली पहुंचने की संभावना नहीं

दिल्ली में मॉनसून आने में लगातार देरी हो रही है। पहले जून में मॉनसून आने की संभावनाएँ जताई गई थी लेकिन अब कहा जा रहा है कि जुलाई के पहले हफ्ते तक मॉनसून के दिल्ली पहुंचने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाएं मॉनसून को आगे बढ़ने से रोक रही हैं।

नवभारत टाइम्स 28 Jun 2021, 9:24 am
नई दिल्ली: मॉनसून इस बार शुरू से ही मौसम विभाग को चकमा दे रहा है। मॉनसून को लेकर मौसम विभाग के ज्यादातर आकलन कमजोर या गलत रहे हैं। यही वजह है कि अब मॉनसून को लेकर तिथि का आकलन करने से विभाग बच रहा है। हालांकि स्काईमेट का दावा यही है कि मॉनसून जुलाई के दूसरे हफ्ते तक राजधानी पहुंचेगा।
नवभारतटाइम्स.कॉम delhi-hot
दिल्ली में उमस और गर्मी


वहीं, दूसरी तरफ मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मॉनसून के अगले एक हफ्ते तक दिल्ली-एनसीआर में आने की संभावना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार 29 जून से मॉनसून एक ब्रेक पर जा रहा है। जिसकी वजह से भारी बारिश अब सिर्फ नॉर्थ ईस्ट इंडिया में ही होगी। हालांकि यहां साफ कर दें कि मॉनसून के ब्रेक पर जाना नया नहीं है। मॉनसून के दौरान करीब एक हफ्ते तक ब्रेक रहना सामान्य है, लेकिन यदि यह ब्रेक एक हफ्ते से अधिक रहता है तो इससे खेती पर असर पड़ने की संभावना रहती है।

बात करें मॉनसून के पूर्वानुमान की तो मॉनसून को लेकर सबसे पहले मौसम विभाग ने दावा किया था कि 31 मई को मॉनसून केरल पहुंच जाएगा, लेकिन इससे चंद घंटों पहले 30 मई को आईएमडी ने इस पूर्वानुमान में बदलाव किए और नया पूर्वानुमान जारी किया। जिसके मुताबिक 3 जून को मॉनसून केरल पहुंचने की बात कही गई थी। इसके बाद 11 जून को आईएमडी ने मॉनसून को लेकर पूर्वानुमान जारी किया कि साउथ राजस्थान और कच्छ को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में मॉनसून अगले 6 से 7 दिनों में पहुंच जाएगा, लेकिन इसके बावजूद मॉनसून की बारिश अब तक नॉर्थ वेस्ट इंडिया के ज्यादातर हिस्सों से दूर है।

इसी तरह मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया कि दिल्ली में मॉनसून 12 से 15 जून तक पहुंच जाएगा। जबकि मॉनसून के दिल्ली आने की सामान्य तिथि 27 जून है, लेकिन दिल्ली में मॉनसून के आने की स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं है। रविवार को जारी बुलेटिन में भी मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावनाओं से अगले एक हफ्ते तक इनकार किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाएं मॉनसून को आगे बढ़ने से रोक रही हैं। सामान्य तौर पर मॉनसून 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार स्थितियां अब तक स्पष्ट नहीं हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 38.8 प्रतिशत रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.7 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 44 से 90 प्रतिशत तक रहा। जबकि सफदरजंग में 5.2 एमएम बारिश हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री रह सकता है। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री पर रह सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। 1 जुलाई तक मौसम शुष्क व गर्म ही रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक रह सकता है। 2 और 3 जुलाई को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जिसकी वजह से अधिकतम तापमान 1 से दो डिग्री की गिरावट हो सकती है।

अगला लेख

Metroकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर