विशेष संवाददाता, सराय रोहिल्ला
सराय रोहिल्ला इलाके में हुई एक बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान जखीरा निवासी उर्मिला (30), यूपी के जौनपुर के रहने वाले अशोक (50) और दिल्ली के रहने वाले रोहित (19) के रूप में हुई। उर्मिला और रोहित सगे भाई-बहन हैं। मृतका भगवान देवी (59) उर्मिला की सास थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल जब्त किए हैं। इनका इस्तेमाल अपराध के दौरान किया गया था।
अडिशनल डीसीपी (नॉर्थ) हरेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, 20 जून को जखीरा इलाके की झुग्गियों में भगवान देवी की किसी ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। उनकी लाश उनके घर में बिस्तर पर पड़ी मिली थी। वारदात का कोई चश्मदीद गवाह नहीं था। मौके से कोई सुराग भी पुलिस को नहीं मिला। पुलिस ने सराय रोहिल्ला थाने में मर्डर केस दर्ज कर जांच शुरू की। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे, जिनके आधार पर पुलिस ने भगवान देवी की बहू उर्मिला से पूछताछ की। शुरुआत में तो उसने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती करने पर उसने सबकुछ उगल दिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उर्मिला ने बताया कि भगवान देवी की हत्या उसके भाई रोहित और उसके दो साथियों ने मिलकर की थी। उसने बताया कि भगवान देवी बीएसईएस में सरकारी कर्मचारी थीं, लेकिन घर खर्च के लिए एक रुपया भी नहीं देती थीं। वह अक्सर उनके साथ झगड़ा करती थीं और उसे ताने भी देती थीं। भगवान देवी के पैसों और प्रॉपर्टी पर कब्जा करने के मकसद से ही उर्मिला ने अपने भाई रोहित, पिता मदन लाल और अशोक के साथ मिलकर भगवान देवी की हत्या का प्लान बनाया।
19 जून की शाम रोहित और उसके दो साथी भगवान देवी के घर पहुंचे और अंगोछे से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने रोहित, अशोक और उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले में शामिल दूसरे आरोपियों को तलाश रही है।