नई दिल्ली
सितंबर में हुई अच्छी और तेज बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। पिछले दस दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री की गिरावट आई है। इस गिरावट की वजह से सुबह व शाम के समय मौसम सुहावना रहने लगा है। अधिकतम तापमान अब भी 36 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इसकी वजह से दोपहर में गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार धीरे-धीरे अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी।
सितंबर माह में बारिश महज 7 दिन हुई। लेकिन इन सात दिनों में बारिश का ग्राफ काफी अच्छा रहा। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में दिल्ली में 158.5 एमएम बारिश हुई, जबकि औसतन बारिश 125.1 एमएम है। 1 जून से अब तक दिल्ली में मॉनसून के दौरान 695.2 एमएम बारिश हुई है, जबकि औसतन बारिश 648.9 एमएम होती है। ऐसे में इस सीजन के दौरान बारिश का ग्राफ बेहतर रहा है। सामान्य बारिश होने की वजह से ठंड ही आहट भी जल्दी सुनाई देने लगेगी। स्काइमेट के अनुसार सुबह व शाम के समय हल्की धुंध प्रदूषण स्तर को बढ़ाएगी। लेकिन रात में तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच बना रहेगा। इसकी वजह से गर्मी का अहसास नहीं होगा। अधिकतम तापमान अपने वाले दिनों में भी 36 से 37 डिग्री रह सकता है।