विस, नई दिल्ली : तिगड़ी इलाके में बांध रोड पर शुक्रवार रात कुछ बदमाशों ने दो लड़कों को चाकू मार दिए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका दो बार ऑपरेशन किया जा चुका है। इसके सीने पर चाकू के तीन वार किए गए, जबकि दूसरे युवक को दो बार चाकू मारा गया।
साउथ दिल्ली के तिगड़ी इलाके में हुई इस वारदात के आरोपी बदमाश अभी फरार हैं। घटना शुक्रवार रात 9 बजे के बाद संगम विहार बी ब्लॉक बांध रोड पर हुई। पुलिस ने बताया कि घायलों में 22 साल का महेश और 20 साल का नितेश हैं। इनमें से महेश की हालत गंभीर बनी हुई है। महेश प्राइवेट अस्पताल में जॉब करता है, जबकि नितेश शुक्रवार रात को घूमने निकला था। दोनों आपस में जानकार भी हैं। रास्ते में ही इन पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।