विशेष संवाददाता, नई दिल्ली
एक दिन बाद ठिठुरती सुबह से लोगों को राहत मिलेगी। न्यूनतम तापमान में इजाफा होना शुरू हो जाएगा। वहीं अधिकतम तापमान भी 20 से 22 डिग्री के आसपास रहेगा। अगले दो दिनों तक सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस फरवरी के पहले हफ्ते में दिखाई नहीं दे रहा है। वहीं जनवरी में बारिश के बाद से पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं की वजह से राजधानी में एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है। रविवार को न्यूनतम तापमान महज 6 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। वहीं हवाओं की वजह से अधिकतम तापमान भी 20.5 डिग्री बना हुआ है, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार सर्दी अब अपने अंतिम दौर में है।अगले 24 से 36 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी इजाफा होगा और सुबह और शाम के समय महसूस होने वाली ठिठुरन से भी लोगों को राहत मिलेगी। दिल्ली के लोदी रोड में तापमान महज 5.6 डिग्री रहा।
स्काईमेट के अनुसार मौसम अब शुष्क बना हुआ है। ऐसे में सुबह के समय एक से दो दिन मध्यम दर्जे का कोहरा दिखाई दे सकता है। ठंडी हवाओं की वजह से तापमान इस समय 6 डिग्री के आसपास चल रहा है। वहीं अधिकतम भी 19 से 20 डिग्री पर बना हुआ है।
नॉर्थ वेस्ट भारत में मौसमी सिस्टम न बनने की वजह से अभी ठंडी हवाएं राजधानी में पहुंच रही हैं, जिसकी वजह से यह स्थिति बनी हुई है। वहीं दिन के समय आसमान साफ है और अच्छी धूप खिल रही है। स्काईमेट के अनुसार 24 से 36 घंटे के दौरान हालात ऐसे ही रहेंगे। इसके बाद तापमान में इजाफा होना शुरू हो जाएगा।
\B8 फरवरी 8 डिग्री होगा न्यूनतम तापमान
मौसम \Bविभाग के अनुसार 8 फरवरी को मौसम सुहावना रहेगा। इस दौरान जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान भी 20 से 21 डिग्री रहेगा। हवाओं की गति 6 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके बाद आसमान साफ ही रहेगा। 8 फरवरी को दिल्ली में वोटिंग होनी है। ऐसे में लोगों को वोटिंग में मौसम की वजह से ज्यादा परेशानियां नहीं आने वाली।