\Bएनबीटी, लखनऊ : \Bराष्ट्रीय युवा उत्सव के तहत चौक के रूमी गेट, गोमतीनगर के 1090 चौराहा और हजरतगंज के जीपीओ पार्क में सजे मंच पर कलाकारों ने लोकनृत्य कर रंग जमाया। इस दौरान कलाकारों ने भरतनाट्यम, घूमर, मयूर, फरुवाही नृत्य कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।
\Bजीपीओ पार्क : गूंजा राजस्थानी लोक संगीत
\Bयहां दिल्ली के दल ने सतरंगी कार्यक्रम पेश किया। इसमें शैफाली स्वाति, आयशा परवीन ने, अनम सेमी क्लासिकल नृत्य किया। वहीं, साक्षी फत्यालि ने कथक, सौम्या भारद्वाज ने भरतनाट्यम तो निधि ने घूमर नृत्य किया। राजस्थानी दल में शामिल मांड गायिका नैना राव ने 'हरियाला बन्ना' गीत सुनाकर प्रशंसा हासिल की। नृत्य दल ने चिरमी डांस सोनू शर्मा के निर्देशन में किया। इसमें परात पर डांस किया गया वहीं, कलाकार ने सिर पर मटका रखकर जमीन से नोट उठाने का करतब भी दिखाया। नृत्य दल में सुनीता, निकिता, लक्सी, सोनिका, तनुजा, अनीता, प्रीति रेणु ने भाग लिया।
\B1090 चौराहा : दिखी मथुरा से महाराष्ट्र तक की झांकी \B
मथुरा की वंदना हर्षवाल दल ने मयूर नृत्य कर प्रशंसा हासिल की। महाराष्ट्र के भूषण पाटिल के दल ने गौरनाथ नृत्य पेश किया। इसमें ढोल, ढोलकी, घुंघरुओं के साथ हार्दिक, विशाल, दक्षा, प्रांजल, दीपिका के दल ने गणपति गौरा पूजन किया। बिहार के दल ने 'रेलिया बैरन गीत सुनाया' वहीं, अयोध्या के विजय यादव ने फरुवाही नृत्य पेश किया। इसमें विमल, राजेश प्रमोद, अंजनी, दीपू ने नक्कारे, हारमोनियम और मंजीरे की धुन पर नर्तन किया। राजस्थानी कलाकार निलेश किरन ने 'केसरिया बालम' गीत सुनाया। हिमाचल के कलाकारों ने पहाड़ी नृत्य 'पानी रो टाकी' गाने पर किया।
\Bरूमी गेट : गूंजे देशभक्ति के गीत \B
रूमी गेट पर आयोजित युवा महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर देशभक्ति ओर पंजाबी संस्कृति सहित अन्य प्रांतों की जीवंत प्रस्तुतियां हुई। गौतम बुद्ध नगर के सत्येन्द्र यादव के निर्देशन में लोक रागिनी गायन पेश किया गया। भगत सिंह पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से देशभक्ति का संचार किया गया। इसमें अफरोज, शुभम, जयवीर, रवीन्दर, प्रवीन ने मटका, हारमोनियम और चिमटे के साथ गायन किया। पंजाब के कलाकार नवजोत कौर, गगन प्रीत ने गिद्दा का प्रभावी प्रदर्शन किया।