एनबीटी, बलिया : समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता और पूर्व सचिव सचिव सुमेर सिंह की हत्या के तीन आरोपितों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। वारदात रविवार रात की है। सुमेर सिंह अपने दोस्त चुन्नू मिश्र के साथ एक शादी समारोह में शरीक होने बाइक से गोपालपुर जा रहे थे। दोकटी इलाके में रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने बाइक ओवरटेक कर रोक ली और गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही सुमेर की मौत हो गई। एसपी सुजाता सिंह ने बताया कि इस मामले में मृतक के बेटे अमित ने चार लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज करवाया था, जिसमें तीन लोगों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सुमेर ग्राम प्रधान रह चुके थे और फिलहाल उनकी पत्नी नीता सिंह ग्राम प्रधान हैं।
वहीं सपा नेता की हत्या पर नेता प्रतिपक्ष और बांसडीह से विधायक रामगोविंद चौधरी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। बांसडीह में सपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के दौरान रामगोविंद चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों की हत्या हो रही है और सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, आए दिन हत्या, चोरी, लूट जैसी वारदात हो रही है। खोखले वादे और झूठ बोलने वाली सरकार से जनता परेशान है।
रामगोविंद चौधरी ने कहा कि एक महीने के अन्दर बलिया में ही कई हत्याएं हो चुकी हैं। हम लोग अब चुप नहीं बैठेंगे। हमने छह माह सरकार को काम करने के लिए समय दिए हैं, लेकिन अब तक कोई भी जनहित का काम नहीं हो पाया है। केवल झूठ और फरेब की सरकार है, जिसमें अधिकारी बेलगाम हैं।