- दो महीने से छेड़छाड़ कर रहा था आरोपित, रिपोर्ट दर्ज
एनबीटी, लखनऊ
कैसरबाग स्थित अवध डिपो के स्टेशन इंचार्ज पर एक महिला कंडक्टर ने रेप के प्रयास का आरोप लगाया है। कर्मचारियों के साथ वजीरगंज थाने पहुंची महिला ने तहरीर भी दी है। इंस्पेक्टर वजीरगंज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पारा क्षेत्र की रहने वाली महिला अवध डिपो में कंडक्टर है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक दिक्कतों की वजह से करीब दो महीने पहले उसने कार्यालय में संबद्धता करा ली थी। तभी से स्टेशन इंचार्ज आदित्य प्रकाश उस पर बुरी नीयत रखने लगे। पीड़िता ने बताया कि आदित्य अक्सर उसे किसी काम से अपने ऑफिस में बुलाकर छेड़छाड़ करते थे। अकेली देखकर वह उसके केबिन में आकर भी अश्लील हरकतें करते थे। विरोध करने पर कार्यालय से निकलवाकर रूट पर भेजने की धमकी देते थे। महिला ने इसकी शिकायत कर्मचारी संघ और अफसरों से की। महिला ने बताया कि इस पर अफसरों के सामने आदित्य ने माफी मांग ली, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं कीं। इसकी वजह से महिला मानसिक अवसाद का शिकार भी हो गई।
आरोप है कि शनिवार को फिर आदित्य ने महिला से एक फाइल लेकर आने को कहा। मना करने पर तत्काल रूट पर जाने का आदेश जारी करने की धमकी देने लगा। डरकर महिला फाइल लेकर पहुंची तो आदित्य होटल में चलने का दबाव बनाने लगा। उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और छेड़छाड़ करने लगा। पुलिस के मुताबिक, आदित्य ने महिला से रेप का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह आरोपित के चंगुल से छूटकर भाग निकली। इसके बाद वह उसने कर्मचारियों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी होते ही आदित्य कार्यालय छोड़कर भाग निकला। उसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।