नगर निगम से रिटायर हुए 38 कर्मचारी, पहली बार हुआ विदाई समारोह
एनबीटी संवाददाता, लखनऊ
नगर निगम में सोमवार को रिटायर हुए 38 कर्मचारियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान निमंत्रण और पेंशन समेत बकाया भुगतान न होने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने हंगामा किया। आरोप है कि समारोह के दौरान पेंशन, अर्जित अवकाश और बकाया भुगतान का कागज तो सौंपा गया, लेकिन इसका चेक नहीं दिया गया। सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष नरेश वाल्मीकि (राय) के मुताबिक, समारोह की जानकारी दोपहर दो बजे दी गई, जबकि बाकी संगठनों को पहले से जानकारी थी। मेयर ने कर्मचारियों की मांगें पूरा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हंगामा शांत हुआ।
नगर निगम में यह पहला मौका था, जब प्रशासन ने विदाई समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में मेयर संयुक्ता भाटिया और अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने रिटायर हुए सभी कर्मचारियों को अंगवस्त्र, श्रीमद्भागवत गीता और मिठाई देकर सम्मानित किया।
नरेश वाल्मीकि के मुताबिक, स्वीपर वेलफेयर फंड से सफाई कर्मचारियों का विदाई समारोह 10 अगस्त को तय था। इसके लिए कर्मचारियों को जानकारी दी जा चुकी थी, लेकिन इस बीच गुपचुप तरीके से छह तारीख को ही आयोजन तय कर लिया गया। हंगामे के बीच मेयर संयुक्ता भाटिया ने रिटायर हो रहे सभी कर्मचारियों को जल्द से जल्द बकाया भुगतान का आश्वासन दिया। समारोह के बाद सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष नरेश वाल्मीकि ने कहा कि समारोह को लेकर नाराजगी नहीं थी, लेकिन सफाई कर्मचारियों की अनदेखी से नाराज होकर विरोध किया गया।
इनका हुआ सम्मान
राम अनुज, मो़ रऊफ, पारसनाथ मौर्या, नन्हू, राम बहाल मिश्रा, गिरीश चंद्र बिष्ट, वेद प्रकाश शुक्ला, प्रमोद कुमार, माया, अशोक, लल्ली, अन्नू, शकुंतला, शीला, माया पुत्री भगौती, दुर्गा, रुखसाना, हरिबाबू, परवेज अहमद, नीलम यादव, अब्दुल वाहिद, अयोध्या प्रसाद, शंकर लाल, कुंवर बाबू, बन्नो, राजे, राम जीवन, कल्लो, शकुंतला पुत्री छोटे लाल, मन्नो पुत्री छोटे लाल, शांति पुत्री सब्जू, जगदीश, वाहिद, आशा, मीना, मदन, राजेश और कमल।