एनबीटी, लखनऊ: गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 351वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसकी अगुआई पंज प्यारों ने की। नाका हिंडोला गुरुद्वारे से निकली गुरु ग्रन्थ साहिब की शाही सवारी का शहर में भव्य स्वागत हुआ। नगर कीर्तन पानदरीबा, गुरुनानक मार्केट, चारबाग, बांसमंडी, लालकुआं, हुसैनगंज चौराहा, हीवेट रोड, लाटूश रोड, श्रीराम रोड होते हुए अमीनाबाद पहुंचा।
अमीनाबाद में श्री हनुमान मंदिर के पुजारीगणों ने शाही सवारी का शंख बजाकर स्वागत किया। इस मौके पर जगह-जगह बिजली की झालरों से भव्य सजावट की गई। नगर कीर्तन की वापसी के दौरान गुरुद्वारे आने पर शाही सवारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अरदास के बाद गुरु का लंगर वितरित किया गया।
नगर कीर्तन में सिख यंग मैंस असोसिएशन, गुरु गोबिंद सिंह स्टडी सर्किल, सिख सेवक जत्था, यूथ खालसा असोसिएशन, दशमेश सेवा दल, सुखमनी साहिब सेवा सोसायटी, माता गुजरी सत्संग सभा, पंजाबी यूथ असोसिएशन, गुरुनानक डिग्री कॉलेज और खालसा इंटर कॉलेज के छात्र शामिल हुए। लखनऊ गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने बताया कि गोबिंद सिंह देव महाराज का 351वां प्रकाश पर्व 24 दिसंबर को मनाया जाएगा।