ऐपशहर

लखनऊ में 5 फरवरी को डिफेंस एक्सपो, पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन

डिफेंस एक्‍सपो पांच से नौ फरवरी तक चलेगा। प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि निश्चित रूप से डिफेंस एक्सपो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश के लिये ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा।

भाषा 5 Jan 2020, 7:40 pm
लखनऊ
नवभारतटाइम्स.कॉम प्रेस वार्ता करते योगी और राजनाथ
प्रेस वार्ता करते योगी और राजनाथ

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अगले महीने लखनऊ में आयोजित होने जा रहे 11वें डिफेंस एक्सपो के ऐतिहासिक होने की उम्मीद जताते हुए आशा व्यक्त की कि इस आयोजन के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश रक्षा निर्माण के क्षेत्र में दुनिया का महत्वपूर्ण स्थल बनेगा। सिंह ने आगामी पांच से नौ फरवरी तक आयोजित होने वाले डिफेंस एक्सपो की तैयारियों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि जितने भी एक्सपो हुए हैं, उनमें सबसे बड़ा एक्सपो लखनऊ में ही होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदर्शनी लगाने वाले बहुत से लोग और निवेशक यहां आएंगे, वे देखना चाहते हैं कि हम कहां पर निवेश करें। इस प्रदर्शनी के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में दुनिया का महत्वपूर्ण स्थल बन जाएगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि इससे पहले वर्ष 2018 में चेन्नई में एक्सपो का आयोजन 80 एकड़ क्षेत्र में हुआ था, मगर लखनऊ में यह 200 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में हो रहा है। इसका एक भाग यहां गोमती रिवर फ्रंट पर भी आयोजित किया जाएगा। अब तक 925 एक्जीबीटर्स ने पंजीकरण कराया है। वर्ष 2018 में यह संख्या 702 थी। उन्होंने कहा, ‘मैं कह सकता हूं कि तैयारी ठीक तरीके से चल रही है और निश्चित रूप से डिफेंस एक्सपो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और देश के लिये ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा।’

65 एमओयू होने की संभावना: चंद्रकांत भारती

रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव चंद्रकांत भारती ने एक्सपो के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि लखनऊ में आयोजित होने वाला यह एक्सपो प्रदर्शनी लगाने वालों की संख्या, आयोजन क्षेत्र और राजस्व प्राप्ति के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी रक्षा प्रदर्शनी होगी। प्रदर्शनी लगाने के लिए अब तक पंजीकरण करा चुके 925 एग्जीबिटर्स में से 775 भारतीय और 150 विदेशी हैं। उन्होंने बताया कि जहां चेन्नई में प्रौद्योगिकी अंतरण के 40 एमओयू हुए थे, वहीं लखनऊ में 65 एमओयू होने की सम्भावना है। निजी क्षेत्र को जोड़ लें तो यह संख्या और भी अधिक होने की उम्मीद है। एक्सपो की थीम 'डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन आफ डिफेंस' है। इसमें करीब 70 देश भाग लेंगे। करीब 25 देशों के रक्षामंत्रियों ने इसमें शिरकत के लिये सहमति दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर कहा कि पिछले दो-ढाई वर्षों में उनकी सरकार ने चुनौतियों को अवसर में बदलकर उत्तर प्रदेश के प्रति दुनिया के नजरिये को काफी हद तक बदलने में कामयाबी प्राप्त की है। उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरीडोर में निवेश की नीति देश की बेहतरीन नीतियों में से एक है।

अगला लेख

Metroकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर