ऐपशहर

Heat Stroke In Maharashtra: नवी मुंबई के बाद अब कोल्हापुर में लू का कहर, धूप में काम कर रहे तीन लोगों की मौत

Maharashtra Heat Stroke: मुंबई के खारघर में आयोजित महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के दौरान लू लगने से 13 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद प्रदेश के एक और जिले में सूरज का ऐसा कहर देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि कोल्‍हापुर में लू लगने से 3 नागरिकों की मौत हो गई है।

Curated byसुजीत उपाध्याय | नवभारतटाइम्स.कॉम 18 Apr 2023, 5:26 pm

हाइलाइट्स

  • कोल्हापुर समेत पूरे महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ने से लोग सहमे
  • दो दिन पहले महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह में लू से 14 की मौत
  • अब कोल्हापुर के कागल तालुक में तीन और लोगों की मौत हो गई है
सारी खबरें हाइलाइट्स में पढ़ने के लिए ऐप डाउनलोड करें
कोल्हापुर: कोल्हापुर समेत पूरे महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ रही है और लोग सहमे हुए हैं। दो दिन पहले महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के दौरान लू लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी, अब कोल्हापुर के कागल तालुक में तीन और लोगों की मौत हो गई है। इसके चलते डॉक्टर लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील कर रहे हैं। दरअसल कोल्हापुर ज‍िले के कागल तालुका के बेलवाले खुर्द में रहने वाले तीन लोगों की लू लगने से मौत हो गई है। सोमवार को एक ही दिन में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई और गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताब‍िक, सोमवार की सुबह 54 साल की सताबाई शिवाजी पाटिल रोज की तरह खेत में काम करने गई थी। वह खेत में काम कर रहीं थी तब भी जब उसका शरीर सुबह से झुलस रहा था। इसी बीच दोपहर के करीब गर्मी बढ़ने पर वह घर आ गईं। प्यास लगने पर उन्‍होंने पानी पिया और फिर एक क्षण में उन्‍हें चक्कर आने लगे। वे वहीं गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में एक बेटा, दो बेटियां, बहू और पोते-पोतियां हैं।


दूसरी घटना 52 साल के सतपा भाऊ पाटिल के साथ हुई जो 2 दिन पहले बढ़ती गर्मी के कारण अस्वस्थ महसूस करने लगे। इस बीच उन्हें इलाज के लिए कोल्हापुर में भर्ती कराया गया। हालांकि, सोमवार को उनकी भी मौत हो गई। तीसरी घटना उसी गांव की 80 साल की जनाबाई विठ्ठल कांबले के साथ घटी। 4 दिन पहले उन्हें अस्थमा होने पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि सोमवार को उनके निधन से गांव में मातम पसर गया है।


प्रदेश में दिन पर दिन तापमान बढ़ता ही जा रहा है और लू का कहर जारी है। ऐसे में डॉक्‍टरों ने सलाह दी है क‍ि लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलना चाहिए। यदि आप बाहर जाना चाहते हैं तो आपको छाता, टोपी, चश्मा, पानी की बोतल लेकर निकलना चाहिए और अपने शरीर में अधिक से अधिक पानी रखना चाहिए।
लेखक के बारे में
सुजीत उपाध्याय
सुजीत उपाध्याय ने एचएनबी गढ़वाल यूनिवर्सिटी श्रीनगर, उत्तराखंड से एमए इन मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद ह‍िन्‍दुस्‍तान और दैन‍िक जागरण मेंं बतौर र‍िपोर्टर काम क‍िया। ज़ी मीड‍िया से ड‍िज‍िटल में शुरुआत। इंड‍िया डॉट कॉम ह‍िंंदी में दो साल काम करने के बाद नवभारत टाइम्‍स ऑनलाइन से जुड़े।... और पढ़ें

अगला लेख

Metroकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर