महिला पर हमला करने वाला गिरफ्तार
रिपोर्टर, मुंबई: देवनार पुलिस ने होली के दिन महिला पर हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम अमजद है, जिसने गोवंडी के लल्लू भाई परिसर में फरीदा (40) पर हमला किया था। सीनियर पीआई दत्तात्रय शिंदे के अनुसार, आरोपी अमजद ने बताया है कि फरीदा से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी से नाराज होकर उसने फरीदा पर चाकू से हमला कर दिया था। पुलिस ने आइपीसी की धारा 307 के तहत अमजद को गिरफ्तार किया है।
विवाहिता ने जहर पीकर की ख़ुदकुशी
एसं, पालघर: जिले के डहाणू पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कैनाड स्थित खरपडपाडा में शनिवार की शाम एक 20 वर्षीय विवाहिता ने जहर पीकर खुदकुशी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार डहाणू के कैनाड स्थित खरपडपाडा निवासी साखरु अंधेर (20) अपने पति मिनास बाबु अंधेर के साथ रहती थी। दोनों की हाल में ही शादी हुई थी। शादी के बाद से दोनों में किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। ऐसा ही शनिवार को भी हुआ, जिसके कुछ देर बाद पत्नी ने जहर पी लिया। उसे पास स्थित सरकारी अस्पताल में ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने एडीआर का मामला दर्ज किया है।
चरित्र पर शंका: पत्नी की हत्या
एसं, पालघर: जिले के बोईसर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के शिगाव स्थित खुलाडपाडा इलाके में पत्नी के चरित्र शंका को लेकर पति ने उसकी डंडों और पत्थरों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्जकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार संगीता पाटारा (35) अपने पति कृष्णा जयराम पाटारा (42) के साथ रहती थी। पति हमेशा उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसकी वजह से दोनों में हमेशा झगड़ा होता रहता था। घटना के दिन शुक्रवार को पति उसे घर के पीछे खुली जगह ले गया जहां डंडों और पत्थरों से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर रविवार की सुबह पालघर कोर्ट में पेश किया, कोर्ट ने उसे 10 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
आधी रात को दुपहिया वाहनों में लगाई आग
अनिल शुक्ल ,ठाणे
ठाणे के कोपरी परिसर में शनिवार की आधी रात दो दुपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और एक स्कार्पियो के शीशे की तोड़फोड़ की गई। रात के समय हुई घटना से स्थानीय परिसर में हड़कंप मच गया है। कोपरी पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार कोपरी के सिद्धार्थ नगर में पार्क की गई दो मोटरसाइकलों में आधी रात के दो बजे अचानक आग लग गई । गाड़ियों को जलने की आहट से लोग जग गए और दमकल और पुलिस कर्मियों को सूचना दी। दमकल कर्मी जब तक आग पर काबू पाते तब तक मोटरसाईकिल का काफी हिस्सा जल चूका था। इसके अलावा थोड़ी दूर पर खड़ी एक स्कार्पियो के शीशे की पत्थर से तोड़फोड़ की बात सामने आई। पुलिस ने घटनास्थल पर पड़े पत्थर को जब्त किया है और संदेह है उसी पत्थर से स्कार्पियो के शीशे की तोड़फोड़ की गई थी। कोपरी पुलिस स्थानीय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की छानबीन कर रही है। पता हो की इससे पहले भी कोपरी परिसर में रात के वक्त गाड़ियों में आग लगाए जाने की घटना हुई है ।