वसं,मुंबई: देश की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाएं हर क्षेत्र में झंडा गाड़ रही हैं। विषम परिस्थितियों में भी हौसला न हारते हुए मुकाम हासिल करने वाली देश की 24 महिलाओं की गाथा मुंबई में प्रदर्शनी के जरिए लोगों को दिखाई जाएगी। इसमें शहीद मेजर प्रसाद महाडिक की पत्नी लेफ्टिनेंट गौरी महाडिक, बिजली बैंक की संकल्पना करने वाली अहमदनगर जिले की राहीबाई पोपरे, दिव्यांग एवरेस्ट विजेता अरुणिमा सिन्हा, मिसाइल विमन टेस्सी थॉमस और तिहरे तलाक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने वाली सायरा बानो जैसी वीरांगना महिलाओं की वीरगाथा शामिल होगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बताया कि स्त्री शक्ति को दुनिया के सामने लाने के लिए महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने 'भारत की लक्ष्मी' प्रदर्शनी का आयोजन किया है। दो दिवसीय यह प्रदर्शनी 5 और 6 नवंबर को बांद्रा के म्हाडा भवन में होगी। इस आयोजन का मकसद अपने-अपने क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं के संघर्ष और उनके मुकाम हासिल करने की कहानी को आम लोगों तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना भारत की लक्ष्मी कार्यक्रम के तहत इसका आयोजन किया जा रहा है।