ऐपशहर

राज्यपाल ने पहली बार दिया हिंदी में पूरा भाषण

राज्यपाल सी...

Navbharat Times 13 Jan 2018, 8:30 am

विसं, मुंबई : राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने शुक्रवार को राजभाषा सम्मेलन में अपना पूरा भाषण हिंदी में दिया। यह पहला अवसर है कि राज्यपाल ने अपना पूरा भाषण हिंदी में दिया। दरअसल तेलुगू भाषी होने के कारण राज्यपाल धाराप्रवाह हिंदी नहीं बोल पाते, लेकिन राजभाषा सम्मेलन में उन्होंने प्रयत्नपूर्वक हिंदी में भाषण देकर राजभाषा हिंदी के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।

शुक्रवार को पश्चिम व मध्य क्षेत्र के राजभाषा सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में राज्यपाल ने शुरू में ही साफ कर दिया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा तेलुगू में हुई है, इसलिए उन्हें हिंदी बोलने में थोड़ी दिक्कत होती है, लेकिन राजभाषा सम्मेलन में वह हिंदी में ही बोलेंगे। इसके बाद उन्होंने अपना पूरा भाषण हिंदी में दिया।

राज्यपाल ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि एक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत है। यह एक धागा है जो क्षेत्रीय भाषाओं को जोड़ता है। देश में एकता, अखंडता, सार्वभौमिकता और कार्यक्षमता बनाए रखने के लिए हिंदी का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए हम हमेशा कहते हैं कि हिंदी बचेगी तो राष्ट्र बचेगा, हिंदी बचेगी तो संस्कृती बचेगी। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया की कई भाषाएं अस्तित्व के संकट से गुजर रही हैं, हिंदी अपना विस्तार और विकास कर रही है। उन्होंने हिंदी के साथ साथ देश की अन्य प्रादेशिक भाषाओं को प्रोत्साहन देने के लिए तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल किए जाने की जरूरत पर जोर दिया।

अगला लेख

Metroकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर