देश के सबसे धनी उद्योगपति मुकेश अंबानी की बेटी ईशा इस साल दिसंबर में अजय पिरामल के बेटे आनंद पिरामल से शादी करेंगी। रविवार को यह जानकारी सामने आने के बाद अंबानी परिवार रात को मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचा। यहां ईशा ने आनंद के साथ भगवान का आशीर्वाद लिया।
अंबानी परिवार के कई सदस्य सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे और पूजा की। ईशा के साथ पिता मुकेश अंबानी, मां नीता अंबानी, भाई अनंत, मंगेतर आनंद और होने वाले ससुर अजय पीरामल भी मौजूद थे। बेटे की सगाई से पहले भी अंबानी होने वाली बहू श्लोका को साथ लेकर यहां आए थे।
बेटे और बेटी की शादी की खुशी मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी के चेहरे पर साफ झलक रही थी।
ईशा पिंक सूट में नजर आईं तो आनंद वाइट सर्ट में बेहद आकर्षक लग रहे थे।
पूजा के बाद अंबानी परिवारने मीडिया को भी तस्वीरें खींचने का मौका दिया। ये तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं।
आनंद और ईशा लंबे समय से दोस्त हैं और दोनों परिवारों के बीच चार दशक पुराना दोस्ताना है।
आनंद, पिरामल रीयल्टी के संस्थापक हैं। इससे पहले उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य देखभाल के लिये पिरामल स्वास्थ्य की स्थापना की थी। वह पिरामल समूह के कार्यकारी निदेशक भी हैं।
ईशा रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल की निदेशक मंडल की सदस्य हैं। ईशा ने येल विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान और साउथ एशियन स्टडीज में स्नातक की पढ़ाई की है और अभी स्टैण्डफोर्ड के ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन प्रोग्राम स्नातकोत्तर कर रही है।
आनंद ने महाबलेश्वर के एक मंदिर में ईशा को शादी का प्रस्ताव दिया।
ईशा और आकाश जुड़वा भाई-बहन हैं। आकाश की भी हाल में श्लोका मेहता के साथ सगाई हुई है। श्लोका हीरा कारोबारी रसेल मेहता की बेटी है। आकाश और श्लोका की शादी भी दिसंबर में होनी तय है।