कर्नाटक की 224 में से 222 विधानसभा सीटों पर वोटिंग के बीच कैंडिडेट्स की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। नेताओं की किस्मत का फैसला करने के लिए वोटर्स पूरे जोश में दिखे। इस बार पोलिंग बूथ के बाहर वोटरों की लंबी कतारें बहुत कुछ इशारा कर रही हैं। युवा से लेकर बुजुर्ग तक में लोकतंत्र के इस पर्व में शिरकत को लेकर गजब उत्साह दिखा। खासकर कुछ वोटरों, जिनकी उम्र 100 से ऊपर है, ने पोलिंग बूथ पर जाकर गजब की जीवटता और हिम्मत दिखाई।
क्रिकेट की दुनिया में 'द वॉल' नाम से मशहूर क्रिकेटर राहुल द्रविड़ भी बेंगलुरु के इंदिरा नगर में वोट डालने पहुंचे।
ऐक्टर रमेश अरविंद अपनी बेटी के साथ वोट डालने पहुंचे। उनकी बेटी ने बताया कि वह पहली बार वोट डालने आई है, इसलिए बहुत ज्यादा उत्सुक है।
सेंट लॉरेंस इंग्लिश मीडियम स्कूल, मेंगलुरु में जहां सारे लोग लाइन में खड़े होकर वोट डालने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, उसी समय सबका ध्यान एक कपल की तरफ जाकर रूक गया। एक महिला वेडिंग गाउन पहनकर वोड डालने आई थी। वियोला फेर्नान्डिस मैरिज सेरेमनी से पहले सुबह साढ़े दस बजे यहां आई और वोट डाला। उसके साथ परिवार के सारे सदस्य पोलिंग बूथ पहुंचे थे।
मडीकेरी के कंडोनाकाल्ली गांव में शादी से पहले एक दुल्हन वोट डालने पहुंची। उसने कहा कि वह अपना वोट बर्बाद नहीं करेगी इसलिए अपने परिवार के साथ मैरिज हॉल में जाने से पहले वह वोट डालने आई।
मेंगलुरु विधानसभा में वोट डालकर आए वोटर्स ने पौधे भी लगाए।
मिस्बा शाहनवाज अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचीं। वह यहां की हजारवीं वोटर बनीं। वोट डालने के बाद उन्होंने यहां पिंक कैनोपी के पास सेल्फी भी ली।
साउथ कर्नाटक के पुत्तूर में माधव पडियार का जुनून को देखकर हर किसी ने उन्हें सलाम किया। 90 वर्षीय माधव अस्पताल में भर्ती हैं। वह अपना वोट बर्बाद नहीं करना चाहते थे, इसलिए ऐंबुलेंस से वोट डालने पहुंचे।
हावेरी बूथ पर एक शादीशुदा कपल वोट डालने पहुंचा। इस दौराह दुल्हन शादी के जोड़े में और दूल्हा भी शादी के लिबास में नजर आया।
सिद्धगंगा मठ के मठाधीश श्री शिवकुमार स्वामी जी ने वोट डाला। 111 साल के स्वामी जी तुमकुर सिद्धगंगा मठ में वोट डालने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पहली बार वोट डालने से लेकर 2018 तक उन्होंने कभी अपना वोट बर्बाद नहीं किया।
मेंगलुरु में 103 साल की बुजुर्ग महिला वोट डालने पहुंची। इस उम्र में भी अपने वोट डालने का उनका जज्बा देखने लायक था।