चीन के हुबेई प्रांत का वुहान शहर कोरोना वायरस का सबसे पहला शिकार बना था। 'लॉकडाउन' भी सबसे पहले यहीं किया गया था। करीब 76 दिन तक इस घातक वायरस के डर के साये में रहा यह शहर एक बार फिर दौड़ने को तैयार है। लॉकडाउन खोले जाने के साथ ही इसकी चमक लौटने लगी है।
लॉकडाउन हटने के साथ ही वुहान अपनी रफ्तार पकड़ रहा है। लोगों ने राहत की सांस ली है तो शहर जश्न के माहौल में दिख रहा है।
बुधवार सुबह को सरकारी मीडिया की ओर से जारी फुटेज में नजर आया कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में लोग कार लेकर वुहान के बाहरी इलाके के लिए निकले। चीन के नैशनल रेल ऑपरेटर को उम्मीद है कि करीब 55 हजार लोग बुधवार को वुहान से निकलेंगे।
हालांकि, लोगों को तभी जाने दिया जाएगा जब उनके फोन में एक सरकारी ऐप होगा जिसमें उनके घर का पता, हालिया यात्रा डिटेल और मेडिकल हिस्ट्री होगी। यह देखा जाएगा कि कहीं उनको संक्रमण का खतरा तो नहीं है।
शहर के अंदर अभी भी कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए बेहद सख्त पाबंदियां लगी हुई हैं। अधिकारी अभी भी लोगों से कह रहे हैं कि अगर बहुत जरूरी हों तभी घरों से निकलें। वुहान में अभी स्कूल बंद हैं। हालांकि कंपनियां अपने कर्मचारियों को काम पर बुला रही हैं।