ऐपशहर

तो भारतीय क्रिकेट के साथ जुड़ेंगे सचिन तेंदुलकर, BCCI सचिव जय शाह कर रहे हैं कोशिश!

खबर के मुताबिक जय शाह चाहते हैं कि निकट भविष्य में सचिन तेंदुलकर को भारतीय क्रिकेट में किसी न किसी नई भूमिका के साथ जोड़ा जाए। सचिन फिलहाल मुंबई इंडियंस की टीम के मेंटॉर हैं।

नवभारतटाइम्स.कॉम 11 Jan 2022, 10:26 pm
नई दिल्ली
नवभारतटाइम्स.कॉम sachin-tendulkar

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह सचिन तेंदुलकर को भारतीय क्रिकेट के साथ जोड़ना चाहते हैं। खबर है कि जय शाह की योजना है कि निकट भविष्य में मास्टर ब्लास्टर को भी भारतीय क्रिकेट में अहम भूमिका दी जाए। सचिन फिलहाल मुंबई इंडियंस के साथ बतौर मेंटॉर जुड़े हुए हैं हालांकि भारतीय क्रिकेट में सीधे उनकी कोई भूमिका नहीं है। सचिन ने 24 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला और उनके नाम कई रिकॉर्ड हैं।

48 वर्षीय तेंदुलकर ने 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। उनके नाम 34 हजार से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन हैं। भारतीय बल्लेबाजी के फैब फोर (सचिन, राहुल द्रविड़, सौरभ गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण) में अब सिर्फ वही भारतीय क्रिकेट प्रबंधन में किसी ने किसी रूप में नहीं जुड़े हैं। द्रविड़ हाल ही में सीनियर पुरुष टीम के कोच बने हैं और वीवीएस लक्ष्मण नैशनल क्रिकेट अकादमी के चेयरमैन बने हैं।

सचिन के मनाने में जुटे हैं जय शाह
हमारे सहयोगी टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक शाह शिद्दत से चाहते हैं कि सचिन को किसी न किसी रूप में भारतीय क्रिकेट के साथ जोड़ना चाहते हैं। शाह ने इससे पहले राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का कोच बनने के लिए राजी किया था। द्रविड़ काफी समय से इसके लिए मना कर रहे थे। हालांकि बाद में वह इस भूमिका को निभाने के लिए राजी हो गए। इसके साथ ही लक्ष्मण को भी NCA के मुख्य कोच की भूमिका के लिए मनाया गया

बीसीसीआई के एक करीबी सूत्र ने कहा, 'शाह मीडिया से दूर हैं लेकिन वह अपने लक्ष्य को लेकर बिलकुल स्पष्ट हैं। वह उन छोटी-छोटी बातों को ठीक करने में जुटे हैं जो मायने रखती हैं। उदाहरण के लिए राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया का मुख्य कोच बनाना। यह सुनिश्चित करना कि वीवीएस लक्ष्मण नैशनल क्रिकेट अकादमी से जुड़ें। अब हमें पता चला है कि वह निकट भविष्य में सचिन तेंदुलकर को किसी भूमिका में देखना चाहते हैं।'

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या जय शाह सचिन को मनाने में सफल हो पाते हैं या नहीं। अगर ऐसा होता है तो सचिन को मुंबई इंडियंस की मेंटॉरशिप छोड़नी होगी।

अगला लेख

Sportsकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर
ट्रेंडिंग