ऐपशहर

बीसीसीआई का दफ्तर भी बंद, घर से काम करेंगे कर्मचारी

कोरोना वायरस महामारी खतरे से अपने कर्मचारियों को सुरक्षित रखने के मद्देनजर बीसीसीआई ने भी अपना दफ्तर मंगलवार से अगली सूचना तक बंद कर दिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कर्मचारियों को अब वर्क फ्रॉम होम के लिए कहा है।

भाषा 16 Mar 2020, 8:21 pm
नई दिल्ली
नवभारतटाइम्स.कॉम BCCI-Office

कोविड-19 महामारी के कारण बीसीसीआई मंगलवार से मुंबई स्थित अपने मुख्यालय को बंद कर देगा। क्रिकेट बोर्ड ने अपने कर्मचारियों से घर से काम करने के लिए कहा है। क्रिकेट की सभी गतिविधियां आगामी नोटिस तक पहले ही निलंबित कर दी गई थीं और ऐसे में पता चला है कि कर्मचारियां को घर से काम करने के लिए कहा गया है।

बोर्ड के शीर्ष सूत्रों ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, 'बीसीसीआई के कर्मचारियों को आज सूचित किया गया कि कोविड-19 महामारी के चलते वानखेड़े स्टेडियम स्थित मुख्यालय बंद रहेगा। सभी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।'

बीसीसीआई ने पहले ही आईपीएल को 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया है, जबकि ईरानी कप और महिला चैलेंजर ट्रोफी सहित सभी घरेलू टूर्नमेंट भी टाल दिए गए हैं। भारत में अब तक कोरोना वायरस के 114 मामले पाए गए हैं, जबकि दो व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। विश्व स्तर पर इस बीमारी के कारण मृतकों की संख्या 6000 से अधिक हो गई है और संक्रमित लोगों की संख्या 1,60,000 से ऊपर पहुंच गई है।

घातक कोरोना वायरस के फैल रहे खतरे के बीच इन दिनों भारत और विदेशों में अधिक से अधिक कंपनियां अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। बीसीसीआई ने भी यही रवैया अपनाया है। यह भी पता चला है कि राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) ने अपने विभिन्न क्षेत्रीय शिविरों को बंद कर दिया है लेकिन बेंगलुरु केंद्र में रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम अभी चल रहा है। इस बीच आईपीएल की आठों फ्रेंचाइजियों ने टूर्नमेंट से पहले के अपने शिविर आगामी सूचना तक रद्द कर दिए हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सोमवार को अपना अभ्यास शिविर रद्द कर दिया, जो 21 मार्च से शुरू होना था। चार बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस, चेन्नै सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने शिविर पहले ही रद्द कर दिए थे।

आरसीबी ने ट्वीट किया, 'सभी की सुरक्षा और सेहत को ध्यान में रखकर 21 मार्च से शुरू होने वाला आरसीबी अभ्यास शिविर आगामी सूचना तक रद्द कर दिया गया है। हम सभी से स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों का पालन करके सुरक्षित रहने का अनुरोध करते हैं।' आरसीबी के कप्तान विराट कोहली हैं। तीन बार की चैंपियन सीएसके ने शनिवार को ही शिविर स्थगित कर दिया था, जिसके बाद महेंद्र सिंह धोनी चेन्नै से अपने घर रवाना हो गए।

अगला लेख

Sportsकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर
ट्रेंडिंग