रांची
बिहार से सटा झारखंड भी अब कोरोना वायरस की चपेट में आ गया है। प्रदेश की राजधानी रांची में कोरोना वायरस का पहला केस सामने आते ही शासन और प्रशासन के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, रांची के हिंदपीढ़ी में रहने वाली युवती 17 मार्च को मलेशिया से लौटी थी।
सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराने में जुटा प्रशासन
पॉजिटिव केस सामने आते ही जिला पुलिस-प्रशासन ने पूरे सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराना शुरू कर दिया है। रांची में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि होने के बाद उपायुक्त जिला दंडाधिकारी महिमापत रे और एसएसपी अनीश गुप्ता द्वारा कंट्रोल रूम से पूरे स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं। उपायुक्त ने बताया कि वायरस के संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर होम स्क्रीनिंग शुरू कर दी गई है।
अफवाहों पर न दें ध्यान
उपायुक्त ने लोगों से कहा कि अफवाह पर बिल्कुल ध्यान ना दें। जिला प्रशासन वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए हर संभाव प्रयास कर रहा है। लोग किसी तरह की जरूरत या आपातकालीन स्थिति में 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।