ऐपशहर

Mann Ki Baat : ‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने किया बिरसा मुंडा को याद, कहा- 'धरती आबा' ने हमें प्रकृति-जमीन से प्रेम करना सिखाया

Jharkhand News : प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण से अगर प्रेम करना सीखना है, तो उसके लिए भी धरती आबा बिरसा मुंडा हमारी बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने विदेशी शासन की हर उस नीति का पुरजोर विरोध किया, जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली थी।

guest Ravi-Prakash-Sinha | Lipi 24 Oct 2021, 1:24 pm
रवि सिन्हा, रांची
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में आजादी की लड़ाई में बिरसा मुंडा के विशिष्ट योगदान को याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस समय सभी अमृत महोत्सव में देश के वीर बेटे-बेटियों और महान पुण्य आत्माओं को याद कर रहे हैं। अगले महीने, 15 नवम्बर को हमारे देश के ऐसे ही महापुरुष, वीर योद्धा, भगवान बिरसा मुंडा जी की जन्म जयंती आने वाली है। बिरसा मुंडा को ‘धरती आबा’ भी कहा जाता है।

आजादी की लड़ाई में बिरसा मुंडा के खास योगदान को किया याद
पीएम मोदी ने कहा कि क्या आप जानते हैं कि ‘धरती आबा’ का अर्थ क्या होता है? इसका अर्थ है धरती पिता। बिरसा मुंडा ने जिस तरह अपनी संस्कृति, अपने जंगल, अपनी जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया, वो धरती आबा ही कर सकते थे। उन्होंने सभी को अपनी संस्कृति और जड़ों के प्रति गर्व करना सिखाया। विदेशी हुकूमत ने उन्हें कितनी धमकियां दीं, कितना दबाव बनाया, लेकिन उन्होंने आदिवासी संस्कृति को नहीं छोड़ा।




'लोगों की मदद करने में बिरसा मुंडा हमेशा आगे रहे'
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण से अगर प्रेम करना सीखना है, तो उसके लिए भी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा हमारी बहुत बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने विदेशी शासन की हर उस नीति का पुरजोर विरोध किया, जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली थी। गरीब और मुसीबत से घिरे लोगों की मदद करने में भगवान बिरसा मुंडा हमेशा आगे रहे। उन्होंने सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए समाज को जागरूक भी किया।

'अंग्रेजों ने बिरसा मुंडा पर बहुत बड़ा इनाम रखा था'
पीएम मोदी ने कहा कि उलगुलान आंदोलन में बिरसा मुंडा के नेतृत्व को भला कौन भूल सकता है। इस आंदोलन ने अंग्रेजों को झकझोर कर रख दिया था। जिसके बाद अंग्रेजों ने बिरसा मुंडा पर बहुत बड़ा इनाम रखा था। अंग्रेजी हुकूमत ने उन्हें जेल में डाला, उन्हें इसकदर प्रताड़ित किया गया कि 25 साल से भी कम उम्र में वो हमें छोड़ गए। वो हमें छोड़कर गए, लेकिन केवल शरीर से।


पीएम मोदी ने कहा- 'धरती आबा' बिरसा मुंडा को नमन करता हूंप्रधानमंत्री ने कहा कि जनमानस में तो भगवान बिरसा मुंडा हमेशा-हमेशा के लिए रचे-बसे हुए हैं। लोगों के लिए उनका जीवन एक प्रेरणा शक्ति बना हुआ है। आज भी उनके साहस और वीरता से भरे लोकगीत और कहानियां भारत के मध्य इलाके में बेहद लोकप्रिय हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मैं ‘धरती आबा’ बिरसा मुंडा को नमन करता हूं और युवाओं से आग्रह करता हूं कि उनके बारे में और पढ़ें। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में हमारे आदिवासी समूह के विशिष्ट योगदान के बारे में आप जितना जानेंगे, उतनी ही गौरव की अनुभूति होगी।

अगला लेख

Stateकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर
ट्रेंडिंग