चंडीगढ़, 12 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने रविवार को कहा कि जो हिन्दू होकर भी हिन्दुत्ववादी नहीं है, वह नकली हिन्दू है।
विज की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता द्वारा जयपुर में आज एक रैली में यह कहे जाने के कुछ घंटे बाद आई कि भारत हिन्दुओं का देश है, हिन्दुत्ववादियों का नहीं।
हरियाणा के गृह मंत्री ने हिन्दी में ट्वीट किया, ‘‘जो हिन्दू होकर भी हिन्दुत्ववादी नहीं है, वह नकली हिन्दू है।’’
गांधी ने महंगाई के खिलाफ रैली को संबोधित करते हुए कहा, "यह हिन्दुओं का देश है, हिन्दुत्ववादियों का नहीं। अगर देश में महंगाई है और पीड़ा है, तो यह हिन्दुत्ववादियों ने किया है। हिन्दुत्ववादी किसी भी कीमत पर सत्ता चाहते हैं।"
हिन्दू और हिंदुत्व को दो अलग-अलग शब्दों के रूप में वर्णित करते हुए, गांधी ने कहा कि जैसे दो जीवित प्राणियों में एक आत्मा नहीं हो सकती, वैसे ही दो शब्दों का एक ही अर्थ नहीं हो सकता।