\Bपुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
एनबीटी न्यूज, बल्लभगढ़ : \Bसेक्टर-65 की बाइपास रोड के निकट सीएनजी पंप के सामने शनिवार रात को अज्ञात वाहन ने बाइक पर जा रहे युवक को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। अस्पताल में भर्ती कराने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल में रखवा दिया है।
आदर्श नगर थाना पुलिस के अनुसार बाला जी मंदिर के पास रहने वाले राजेंद्र कुमार फरीदाबाद की एक कंपनी में नौकरी करते थे। अन्य दिनों की तरह वह शनिवार को भी ड्यूटी पर गया हुआ था। कंपनी से छुट्टी होने के बाद रात को करीब 11 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। जब वह सेक्टर-65 बाइपास रोड पर सीएनजी पंप के सामने पहुंचा, तो किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। राजेंद्र को मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।