एनबीटी न्यूज, फरीदाबाद
जिले में शुक्रवार को सुबह से धूप निकलने के कारण मौसम काफी खुशनुमा रहा। दिन भर धूप निकलने से तापमान में वृद्धि हुई। इससे लोगों को काफी राहत मिली। दिसंबर के अंत में ठंड ने शहर के लोगों को परेशान किया हुआ था, लेकिन नए साल की शुरुआत से ही मौसम काफी खुशनुमा बना हुआ है। लगातार पिछले 4 दिन से धूप निकल रही है। शुक्रवार को भी सुबह 8 बजे धूप निकल गई थी। तेज धूप होने के चलते दोपहर में लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था। दिन में हल्की हवा चल रही थी, लेकिन उसमें भी ठंडक नहीं थी। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट की वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार को फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री व अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।