वरिष्ठ संवाददाता, संजय कॉलोनी
संजय कॉलोनी में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस युवक का नाम महेश बताया गया है, जो अपनी पत्नी व बच्चों से अलग रहता था। वारदात के बाद हत्यारे कमरे को लॉक कर फरार हो गए। कमरे से बदबू आने पर इस वारदात के बारे में पता चला। शव की हालत देखकर हत्या चार-पांच दिन पहले होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी कॉलोनी में ही एक व्यक्ति के साथ लिव इन में रह रही थी। मृतक की पत्नी ने अपने लिव इन पार्टनर व लोगों पर हत्या का शक जताया है। मुजेसर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रविवार को महेश के कमरे से मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों व पड़ोसियों को दुर्गंध आई। कमरे को बाहर से ताला लगा हुआ था। मकान की देखभाल करने वाले कमल व किराएदार सुरेंद्र भारती ने महेश की पत्नी और पुलिस को इसकी जानकारी दी। संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज राजकुमार पुलिस बल के साथ कमरे पर पहुंचे। पुलिस ने कमरा खुलवाकर देखा तो कमरे में फर्श पर महेश का शव पड़ा था। उसके गले पर तेज धार हथियार से लगी चोटों के निशान थे। महेश की पत्नी ने शक जताया कि महेश की हत्या उसके साथ रहने वाले व्यक्ति व अन्य लोगों ने की है।
सात साल पहले हुए थे अलग
मूल रूप से मुजफ्फरपुर निवासी महिला यहां संजय कॉलोनी में किराए पर रहती है। वह सोहना रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास चाय की रेहड़ी लगाती है। महिला के अनुसार, 16 साल पहले उसकी शादी महेश के साथ हुई थी। उसके दो बेटे व एक बेटी है। आरोप है कि महेश शराब पीने व जुआ खेलने का आदी था। वह परिवार की गुजर-बसर के लिए उसे रुपये भी नहीं देता था। इससे दोनों में झगड़ा होने लगा और करीब सात साल पहले महिला अपने बच्चों के साथ महेश से अलग रहने लगी। महेश भी कॉलोनी में किराए पर अलग कमरा लेकर रह रहा था।
बच्चों से आता था मिलने
बताया गया कि पति से अलग होने के बाद महिला की मुलाकात फर्रुखाबाद निवासी व्यक्ति से हुई तो दोनों ने साथ रहने का फैसला लिया। करीब डेढ़ साल से दोनों साथ रह रहे थे। महेश कभी-कभी अपने बच्चों से मिलने उनके पास आता था। बताया जा रहा है कि महिला के साथ रहने वाले व्यक्ति को महेश का आना पसंद नहीं था और वह उसके आने का विरोध करता था। आरोप है कि वह व्यक्ति महेश के आने पर उसे जान से मारने की धमकी देता था।
वर्जन
महेश अपनी फैमिली से अलग रहता था। शव को देखकर प्रतीत होता है कि महेश की हत्या चार-पांच दिन पूर्व की गई होगी। अभी हत्यारों का सुराग नहीं लग सका है और न ही कारण साफ हो सका है। इस संबंध में जिस व्यक्ति पर शक जताया गया है, उससे भी पूछताछ की जाएगी।
-राजकुमार, संजय कॉलोनी चौकी इंचार्ज