मां के साथ पहुंची थी सिविल हॉस्पिटल
लड़की का आरोप, भाई ही करता था रेप
युवक पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
वरिष्ठ संवाददाता, गुड़गांव
सिविल हॉस्पिटल में गर्भपात कराने के लिए नाबालिग पहुंची तो रेप का खुलासा हुआ। नर्स के पूछने पर उसने बताया कि उसका भाई ही उसके साथ रेप करता था। सूचना पुलिस को दी गई तो महिला थाना वेस्ट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामला सोमवार सुबह करीब 10 बजे का है। एक लड़की अपनी मां के साथ हॉस्पिटल पहुंची और गायनी वॉर्ड में डॉक्टर को बताया कि गर्भपात कराना है। डॉक्टर ने नाम व उम्र पूछा। इस पर लड़की की उम्र 17 साल बताई गई। नर्स ने उससे शादी के बारे पूछा तो उसने मना कर दिया। इस दौरान पीड़िता ने बताया कि बड़ा भाई उसके साथ रेप करता था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। महिला थाना वेस्ट पुलिस मौके पर पहुंची। लड़की की मां कार्रवाई नहीं कराना चाहती थी, लेकिन पुलिस ने लड़की के बयान पर पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। नाबालिग 3 महीने की गर्भवती है और उसे हॉस्पिटल में ही भर्ती किया गया है। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।