एनबीटी न्यूज, अर्थला
साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला में क्लीनिक चलाने वाली एक महिला डॉक्टर पर दिल्ली की एनजीओ ने भ्रूण परीक्षण करने का आरोप लगाया है। वहीं, महिला डॉक्टर का आरोप है कि एनजीओ महिला भ्रूण परीक्षण का दबाव बना रही थी। डॉक्टर का कहना है कि इस दौरान कथित महिला ने उन्हें 20 हजार रुपये रिश्वत देने की भी पेशकश की थी। दोनों पक्षों ने साहिबाबाद पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की शिकायत हेल्थ विभाग को भेजी है।
एसएचओ साहिबाबाद आर. के. सिंह ने बताया कि दिल्ली में संचालित एनजीओ में काम करने वाली एक महिलाकर्मी का आरोप है कि डॉक्टर उनके साढ़े तीन माह के भ्रूण की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखते ही भ्रूण परीक्षण के साथ गर्भपात के लिए तैयार हो गई थी। वहीं, डॉक्टर का आरोप है कि एनजीओ की महिलाकर्मी पेट दर्द की शिकायत लेकर उनके पास पहुंची थी। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखने के बाद उन्होंने महिला को गर्भ में भ्रूण होने की जानकारी दी थी। इस दौरान कथित महिला ने उन्हें 20 हजार रुपये रिश्वत देने की पेशकश की। विरोध करने पर महिलाकर्मी ने भ्रूण परीक्षण के आरोप में उन्हें फंसाने की धमकी दी और उनसे पैसे मांगे। एसएचओ साहिबाबाद ने बताया कि दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत की है। यह मामला स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा है इसलिए वही मामले की जांच करेगा।