\Bएनबीटी न्यूज, लोनी \B
द सहयोग हेल्पिंग हैंड संस्था के पदाधिकारियों ने अबोध बालिका के साथ अनाचार के विरोध में लोनी तिराहे पर पुतला दहन किया। सुबह करीब दस बजे संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिजेंद्र त्यागी, लोनी व्यापार मंडल के अध्यक्ष रतन भाटी समर्थकों के साथ लोनी तिराहे पर पहुंचे। उन्होंने अलीगढ़ में मासूम के साथ घटित घटना की निंदा की। इसके बाद घटना के दोनों आरोपितों का पुतला जलाया। पुतला दहन की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी को प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर आरोपितों को फांसी दिए जाने की मांग की। इस मौके पर अरविंद गोयल, पंकज जायसवाल, संगीता ठाकुर, राहुल त्यागी, रवि शर्मा, तरुण राणा, विनेश त्यागी आदि मौजूद रहे।