एनबीटी न्यूज, लिंक रोड
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को लिंक रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी और बुल्डोजर की मदद से वैशाली मेट्रो स्टेशन से लेकर नवीन सब्जी मंडी तक अवैध तरीके से लगाई गई दुकानों को हटाया गया। नगर निगम के टैक्स सुपरिंटेंडेंट विनय कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम की टीम ने सुबह से ही लिंक रोड पर यह अभियान शुरू कर दिया था। इस दौरान फुटपाथ और उसके पास अवैध रूप से चल रहे करीब 15 खोखे और रेहड़ी हटाए गए। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण की वजह से सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता था। वहीं, अतिक्रमण की वजह गंदगी का स्तर भी काफी बढ़ गया था। उनका कहना है कि वैशाली मेट्रो के आसपास लगने वाले फूड स्टॉल को लेकर निगम काफी सख्त है, क्योंकि इससे मेट्रो पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम की ओर से अगले अभियान के दौरान मेट्रो स्टेशन परिसर के बाहर अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूला जाएगा। साथ ही, पुलिस से भी अतिक्रमण मुक्त स्थल का निरीक्षण करने की अपील की जाएगी।