Brij Bhushan Sharan Singh Is Innocent Bsp Mp Shyam Singh Yadav Said On Allegation On President Of Wrestling Federation
Brij Bhushan Sharan Singh: बृजभूषण शरण सिंह के बचाव में उतरे बसपा सांसद श्याम सिंह यादव, बताया निर्दोष
BSP MP Shyam Singh Yadav: जौनपुर से बसपा सांसद ने बृजभूषण शरण सिंह का बचाव किया। उन्होंने कहा कि आरोप लगते रहते हैं। बृजभूषण शरण सिंह को वे जानते हैं, वे ऐसे व्यक्ति नहीं हैं।
जौनपुर: चाहे राहुल गांधी हों, उनकी भारत जोड़ो यात्रा हो या ताजा बृजभूषण शरण सिंह विवाद हो, जौनपुर से बसपा सांसद श्याम सिंह यादव इन सभी के पक्ष में दिखे। उन्होंने कहा कि मेडल पाने के लिए जितनी मेहनत एक खिलाड़ी करता है, उतना ही मेहनत संघ का अध्यक्ष भी करता है। बृजभूषण सिंह के ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं। वे उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। बृजभूषण सिंह ऐसे चरित्र के व्यक्ति नहीं हैं, वे निर्दोष हैं। श्याम सिंह यादव शनिवार को अपने मियांपुर आवास पर प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने संघ पर भरोसा रखना चाहिए। संघ के अध्यक्ष के बारे में यह कह देना कि वह उन्हें जेल भिजवा कर रहेंगे, यह गलत है। किसी के आरोप पर संघ छोड़ देना उचित नहीं है। बृजभूषण शरण सिंह खुद कह रहे हैं कि वे सीबीआई जांच के लिए तैयार हैं। आरोप हमेशा लगते रहते हैं, लेकिन हर केस में सत्यता हो ये आवश्यक नहीं है।
अनुराग ठाकुर के पास खेल के लिए समय नहीं
सांसद श्याम सिंह यादव ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को भी नहीं छोड़ा। कहा कि उनके पास खेल के लिए समय नहीं है। वह सिर्फ सूचना प्रसारण मंत्रालय में ही डूबते-उतराते रहते हैं। खेल का बेड़ा गर्क हो रहा है। नेशनल राइफल एसोसिएशन का भी बुरा हाल है।
पीएम पद के लिए राहुल गांधी राइट चॉइस
सांसद श्याम सिंह यादव राहुल गांधी की तारीफ करते नज़र आए। उन्होंने कहा कि भले ही एक पार्टी द्वारा उन्हें पप्पू कहा जा रहा हो, लेकिन वह अब पप्पू नहीं हैं। व्यक्ति सीखते-सीखते आगे बढ़ जाता है। राहुल गांधी ने कई बार कहा कि उनसे कोई भी बहस कर ले, लेकिन कोई तैयार नहीं होता। वे राहुल गांधी को जानते हैं। उनसे बात होती रहती है। प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी एक बेहतर विकल्प हैं। इसके अलावा नीतीश कुमार और ममता बनर्जी भी प्रधानमंत्री पद की उम्मीदवार हो सकती हैं।
भाजपा को भी भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ना चाहिए
श्याम सिंह यादव ने कहा कि भारत जोड़े यात्रा से बहुत लोग जुड़ रहे हैं। हम सभी को इस में जुड़ना चाहिए। बसपा हो, सपा हो या भाजपा ही क्यों ना हो, सभी पार्टियों को इसका समर्थन करना चाहिए। भारत जोड़ो यात्रा राजनीति से उठकर चलने वाली यात्रा है। ये कांग्रेस की यात्रा नहीं है।
2024 में भाजपा का होगा बुरा हाल
श्याम सिंह यादव ने प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा को खास निशाने पर रखा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चाहे जितनी भी यात्रा और बैठकें कर ले, 2024 में उसकी स्थिति बदतर होने वाली है। जहां-जहां भी संसदीय सीट जीते हैं, इस बार वह सीटें भी इनके हाथ से निकल जाएंगी। 2024 का लोकसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी अकेले लड़ेगी। हालांकि, संभावनाएं खत्म नहीं हुई हैं। भविष्य में कुछ भी संभव है। 2024 में बसपा को कितनी सीटें मिलेंगी यह कह पाना अभी मुमकिन नहीं है।
जन्मस्थली बाराबंकी है और कर्मस्थली तीन राज्य के कई शहर रहे हैं। 2013 में प्रिंट मीडिया से करियर की शुरुआत की। मप्र जनसंदेश, पत्रिका, हिंदुस्तान, अमर उजाला, दैनिक जागरण होते हुए नवभारत टाइम्स के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा।... और पढ़ें
Stateकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर