ऐपशहर

कैब ड्राइवर की ऑनर किलिंग!

- परिजनों ने जताया शक, सुलह के बहाने बुलाकर आरोपियों ने घर बुलाकर जान ली- मंगलवार रात करीब 1:22 बजे आरोपियों के घर के पास मिली थी कार की लोकेशन - ...

Navbharat Times 28 Sep 2017, 8:00 am

- परिजनों ने जताया शक, सुलह के बहाने बुलाकर आरोपियों ने घर बुलाकर जान ली

- मंगलवार रात करीब 1:22 बजे आरोपियों के घर के पास मिली थी कार की लोकेशन

- पुलिस का दावा, मारे गए ड्राइवर की कार में लगे जीपीएस से खुलेगा हत्या का राज

प्रमुख संवाददाता, सेक्टर-63

गुड़गांव में एक आईटी कंपनी में कैब चलाने वाले ड्राइवर की बुधवार तड़के सेक्टर-63 में लाश उसी की गाड़ी में मिली। कैब ड्राइवर के परिजनों ने उसकी ऑनर किलिंग की आशंका जताई है। ड्राइवर के चेहरे और गले पर चोट के निशान हैं। आशंका जताई जा रही है कि उसे गला घोंटकर मारा गया है। परिजनों के अनुसार, उसने मामूरा की रहने वाली एक लड़की से चोरी-छिपे शादी कर ली थी। आरोप है कि इस शादी से लड़की के घरवाले नाराज थे। इसी वजह से आरोपियों ने बहाने से घर बुलाकर उसकी हत्या कर दी और शव को उसी की कार में डालकर सेक्टर-63 के डी ब्लॉक में खड़ी कर दी। कैब में लगे जीपीएस से पुलिस को गाड़ी की लोकेशन मिल गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस लड़की, उसके पिता और भाई को हिरासत में लेकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार अजय कुमार (25) गुलावठी बुलंदशहर का रहने वाला था। वह ग्रेटर नोएडा में सुनपुरा के रहने वाले रिश्तेदार प्रवेश की स्विफ्ट डिजायर कार को चलाता था। यह कार गुड़गांव की एक आईटी कंपनी में कैब के रूप में चलती है। बुधवार तड़के करीब 5 बजे निर्माणाधीन कंपनी डी-199 के गार्ड ने पुलिस को कार में लाश पड़ी होने की सूचना दी। लाश पिछले और आगे की सीट के बीच की पैर रखने वाली जगह में पड़ी हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। गाड़ी के कागजों की जांच के बाद घटना के बारे में कार मालिक को सूचना दी गई। इसके बाद परिजनों को मौत के बारे में पता चला।

6 महीने पहले की थी शादी

मामूरा में ही रहने वाले अजय के चचेरे भाई अरविंद ने बताया कि बुधवार तड़के करीब 5:20 बजे पुलिस ने कार मालिक और उनके रिश्तेदार को फोन कर घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद उनके पास 5:27 पर फोन आया। जब अरविंद घटनास्थल पर पहुंचा तब पुलिस लाश को अपनी गाड़ी में डालकर ले जा रही थी। डी-199 के गार्डों ने बताया कि उन्होंने कार से उतरते दो लोगों को देखा है। अरविंद ने पुलिस को बताया कि अजय का मामूरा में ही रहने वाली एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब 6 महीने पहले उसने गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। लड़की के घरवाले शादी के खिलाफ थे और उसकी दूसरी जगह शादी करवाना चाह रहे थे। इसके अलावा लड़की को अजय के साथ भी नहीं भेज रहे थे। करीब तीन महीने पहले लड़की के घरवालों ने उसे बुरी तरह पीटा था। करीब दो-तीन दिन पहले फोन पर उसकी लड़की के परिजनों से काफी लड़ाई हुई थी। अरविंद ने आरोप लगाया है कि लड़की के परिजनों ने बात करने के बहाने उसे बुलाकर हत्या की है।

जीपीएस से पता चली लोकेशन

कैब चलाने वाले चचेरे भाई ने बताया कि जिस कार में लाश मिली, उसमें जीपीएस ट्रैकर लगा हुआ था। जिससे गाड़ी की लोकेशन का पता चल गया है। मंगलवार रात को गुड़गांव से कंपनी के स्टाफ को उसने नोएडा में छोड़ा है। इसके बाद रात 1:22 बजे मामूरा में लड़की के घर के पास की उसकी लोकेशन आई है। वहां से रात करीब 2 बजे फिर गाड़ी चलाई गई। इसके बाद सेक्टर-67 गई, फिर वहां से वापस लौट कर फेज-3 थाने के पास कट पर पहुंची। फिर उसका ड्राइवर सेक्टर-67, सेक्टर-121 होते हुए वापस सेक्टर-63, सेक्टर-64 होते हुए मॉडल टाउन अंडरपास तक आया। यहां से यू-टर्न लेकर गाड़ी वापस सेक्टर-63 गई है। रात करीब 2:45 बजे डी-199 के सामने गाड़ी बंद हो गई है।

लड़की और उसके परिजन हिरासत में

परिजनों के अनुसार अजय के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। वह घर में कमाने वाला इकलौता शख्स था। मां के अलावा घर में दो छोटे भाई हैं, जो कार मिकैनिक और डेंटिंग का काम सीख रहे हैं। अरविंद के अनुसार उन्होंने पूरे मामले की पुलिस को लिखित में शिकायत दी है। जिसके आधार पर पुलिस ने लड़की, उसके पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है।

चचेरे भाई पर लगाया आरोप

मृतक की कथित पत्नी देविका ने अजय के चचेरे भाई अरविंद पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को बताया है कि अरविंद ने अजय को प्रवेश की गाड़ी छोड़कर उसकी कार चलाने को कहा था, लेकिन उसने इससे मना कर दिया था। जिसकी वजह से दोनों का झगड़ा हुआ था और उसने अजय के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

कोट

पुलिस दो एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रेम-प्रसंग के अलावा रंजिश को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक सर्वेलांस के आधार पर तथ्यों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - राजीव कुमार सिंह, सीओ टू, नोएडा

अगला लेख

Stateकी ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज, अनकही और सच्ची कहानियां, सिर्फ खबरें नहीं उसका विश्लेषण भी। इन सब की जानकारी, सबसे पहले और सबसे सटीक हिंदी में देश के सबसे लोकप्रिय, सबसे भरोसेमंद Hindi Newsडिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नवभारत टाइम्स पर
ट्रेंडिंग