एनबीटी न्यूज, नोएडा
रामलीला के तीसरे दिन मंगलवार को सीता जन्म, अहिल्या उद्धार और लक्ष्मण-परशुराम संवाद के दृश्य दिखाए गए। सेक्टर-62 में वेदवती-रावण संवाद, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन प्रसंग का मंचन हुआ। पहले दृश्य में दिखाया जाता है कि रावण को वेदवती श्राप देती हैं अगर वह किसी भी स्त्री को उसकी आज्ञा के बिना छुएगा तो भस्म हो जाएगा। इसके बाद सीता जन्म दिखाया जाता है। तीसरे दृश्य में भगवान राम पत्थर को छूकर अहिल्या का उद्धार करते हैं।
राम जन्म का मनाया गया उल्लास :
सेक्टर-12 की रामलीला के तीसरे दिन राम जन्म का प्रसंग दिखाया गया। राजा दशरथ पुत्र प्राप्ति के लिए श्रृंगी ऋषि के माध्यम से पुत्रेष्ठि यज्ञ कराते हैं। यहां यज्ञ से अग्निदेव प्रकट होकर उन्हें फल देते हैं। इसे तीनों रानियां ग्रहण करती हैं और राजा दशरथ के घर 4 पुत्रों का जन्म होता है। चारों भाइयों का नामकरण गुरु वशिष्ठ करते हैं। इसके बाद इन्हें गुरुकुल भेज दिया जाता है।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का दिया संदेश :
सेक्टर-46 में चल रही रामलीला में सेक्टर-45 के आदर्श बाल विकास विद्यालय के बच्चों ने सौतेली बेटी शीर्षक से लघु नाटिका पेश की। इसमें संदेश दिया कि बेटियां मां-बाप के प्रति बेटों से ज्यादा संवेदनशील होती हैं इसलिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटों को ही प्राथमिकता न दें। इसके बाद राम और लक्ष्मण का मुनि विश्वामित्र के साथ जनकपुर के लिए प्रस्थान, अहिल्या उद्धार, गौरी पूजन का प्रसंग दिखाया जाता है।
सीता स्वयंवर और परशुराम संवाद :
सेक्टर-21ए नोएडा स्टेडियम की रामलीला में भगवान राम व माता सीता की पुष्प वाटिका में भेंट दिखाई गई। इसके बाद स्वयंवर में भगवान राम धनुष तोड़ देते हैं। इसी दौरान क्रोधित होकर परशुराम दरबार में पहुंच जाते हैं। यहां लक्ष्मण और परशुराम के बीच लंबा संवाद होता है।
मुनि आगमन और ताड़का वध :
सेक्टर-110 की रामलीला में मंगलवार को विश्वामित्र का राजा दशरथ के दरबार में आगमन, राक्षसों से रक्षा के लिए राम और लक्ष्मण को अपने साथ आश्रम ले जाना और राक्षसों का वध के प्रसंग दिखाए गए। ऋषि वशिष्ठ के समझाने पर राजा दशरथ राम-लक्ष्मण को विश्वामित्र के साथ भेज देते हैं। यहां भगवान राम राक्षसी ताड़का, मारीच और सुबाहू का वध कर देते हैं।
आज होंगे यह प्रसंग :
नोएडा स्टेडियम में राम बरात, जानकी विवाह, राम राज्याभिषेक की घोषणा के दृश्य दिखाए जाएंगे। सेक्टर 62 की रामलीला में धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, लक्ष्मण परशुराम संवाद दिखाया जाएगा। सेक्टर-12 में चारों भाइयों को दीक्षा के लिए गुरुकुल भेजना, ताड़का, सुबाहू, मारीच के वध का प्रसंग दिखाया जाएगा। सेक्टर-46 में चल रही रामलीला में सीता स्वयंवर, सीता-राम विवाह का मंचन दिखाया जाएगा। सेक्टर-110 में अहिल्या उद्धार, गंगा लीला, नगर दर्शन, पुष्पवाटिका, गौरी पूजन का मंचन होगा।