एनबीटी न्यूज, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर की नेहा प्रतिहस्त ने यूपी बोर्ड में 12वीं में शानदार प्रदर्शन करते हुए 82.8 प्रतिशत अंक हासिल कर परिवार व जिले का नाम रोशन किया है। साइंस स्ट्रीम के साथ नेहा ने 12वीं में सेकंड टॉप किया है। नेहा आगे चलकर एक बेहतर शिक्षिका बनना चाहती हैं।
नेहा के पिता कमलेश प्रतिहस्त ग्रेनो के एक निजी स्कूल में प्रिसिंपल हैं। माता पिंकी प्रतिहस्त हाउस वाइफ हैं। उनकी बड़ी बहन सपना बीए की पढ़ाई कर रही हैं। नेहा ने बताया कि बड़ी बहन ने पढ़ाई में पूरा साथ दिया। पेपर से एक दिन पहले वह रात में मेरे पार्टनर के रूप में जागकर तैयारी कराती थीं। अपनी और बड़ी बहन की मेहनत की वजह से आज बेहतर परिणाम सामने आया है। नेहा का सपना है कि एक बेहतर शिक्षिका बनकर बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सकें। नेहा ने हिंदी में 78, अंग्रेजी में 80, गणित में 92, फिजिक्स में 81 और केमिस्ट्री में 83 अंक हासिल किए हैं। नेहा के परिश्रम से परिवार में खुशी का माहौल है।