एनबीटी न्यूज, ग्रेनो: सूरजपुर पीएसी 49वीं वाहिनी के पास सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति की पीएसी के जवान ने जान बचा ली। घटना के बाद पीएसी के जवान ने एक ऑटो चालक की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल का ग्रेनो वेस्ट के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल के परिवार ने पीएसी के जवान का शुक्रिया अदा किया है।
नोएडा सेक्टर-49 हिंडन विहार निवासी उपेंद्र सिंह रविवार रात अपनी स्कूटी से सूरजपुर से नोएडा की तरफ जा रहे थे। सूरजपुर स्थित 49वीं वाहिनी पीएसी के गेट के सामने सड़क हादसे में उपेंद्र सिंह घायल हो गए। गेट पर मौजूद पीएसी के जवान अखिलेश ने घायल को सड़क पर पड़े देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचकर उनकी मदद की। अखिलेश ने अपने एक साथी जवान और एक ऑटो चालक की मदद से घायल को ग्रेनो वेस्ट के निजी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उनके परिवार के लोगों को घटना की सूचना दी। पीएसी के दोनों जवान परिवार के अस्पताल पहुंचने तक मौके पर ही रहे। परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों जवानों की मदद से ही उपेंद्र की जान बच गई।